अंकिता हत्याकांड चीला शक्ति नहर से मिला मोबाइल
अंकिता हत्याकांड में एसआईटी के हाथ एक अहम साक्ष्य लगा है। सूत्रों के अनुसार एसआईटी को चीला शक्ति नहर से एक मोबाइल बरामद हुआ है। मोबाइल घटनास्थल के पास मिला है। माना जा रहा है कि यह मोबाइल अंकिता या आरोपी पुलकित आर्य का हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने कुनाऊं पुलिया के पास चीला शक्ति नहर से एक मोबाइल बरामद किया है। हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया था कि आपस में झगड़े के बाद अंकिता ने पुलकित आर्य का मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया था। हालांकि घटना के बाद रात को पुलकित के मोबाइल से कई फोन कॉल करने की बात सामने आई थी। ऐसे में पुलकित का मोबाइल नहर में गिर गया, उसने मोबाइल को छिपा दिया या नष्ट कर दिया, इसकी अब तक तस्दीक नहीं हुई है। वहीं अंकिता का भी फोन अब तक नहीं मिला है।
मोबाइल फोन घटनास्थल के पास से मिला है, ऐसे में पूरी संभावना है कि यह मोबाइल अंकिता या पुलकित आर्य दोनों में किसी एक का हो सकता है। मोबाइल को जांच के फोरेंसिक टीम को सौंप दिया गया है। अगर फोन अंकिता या पुलकित आर्य का है तो वारदात और उसके पीछे की असल वजह का रहस्य उजागर हो सकता है। नहर में फेंका गया मोबाइल पुलकित या अंकिता किसी एक के हाथ में था। मोबाइल को फेंकने का मतलब है कि उसमें वारदात से जुड़ी कोई वीडियो, आडियो, फोन रिकॉर्डिंग और फोटो हो सकती हैं।