मशहूर फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और निर्देशक डेविड धवन कुछ इस तरह नए साल का आगाज किया।
दोनों तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचे और उन्होंने परमार्थ निकेतन आश्रम में सांध्यकालीन गंगा आरती में हिस्सा लिया। इसके साथ ही सुख-समृद्धि के लिए गंगाघाट पर आयोजित यज्ञ में आहुतियां डाली। नए साल के पहले दिन फिल्म स्टार अनिल कपूर और प्रख्यात निर्देशक डेविड धवन देर शाम परमार्थ निकेतन पहुंचे।
उन्होंने आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से मुलाकात की। इस दौरान स्वामी चिदानंद ने बिगड़ते पर्यावरण और नदियों के घटते जलस्तर की ओर अभिनेता और निर्देशक का ध्यान आकर्षित किया व उनसे सिनेमा के माध्यम से समाज में इन मुद्दों के प्रति जागरुकतापरक फिल्मों का निर्माण करने की अपील की। इस दौरान अनिल कपूर ने हिमालय को स्वर्ग और गंगातट को स्वर्ग की आत्मा बताया। कहा कि तीर्थनगरी आकर उन्हें आत्मिक शांति प्राप्त होती है।
इस दौरान उन्होंने स्वामी चिदानंद मुनि से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने आश्रम की सांध्यकालीन गंगा आरती में शिरकत की। उन्होंने देश और परिवार की खुशहाली व सुख-समृद्धि के लिए गंगाघाट पर आयोजित यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां डाली। इस दौरान साध्वी भगवती सरस्वती आदि मौजूद रहे।
अनिल संग सेल्फी लेने को बेताब दिखे फैंस
anil kapoor and david dhawan
- फोटो : amar ujala
फिल्म स्टार अनिल कपूर के परमार्थ निकेतन में पहुंचने की सूचना जैसे ही उनके प्रशंसकों को लगी, तो वह आश्रम के बाहर अभिनेता की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए जमा हो गए। हालांकि, फैंस को अनिल की झलक तो दिखी, लेकिन वह सेल्फी लेने में कामयाब नहीं हो पाए।
कई और हस्तियां भी पहुंची तीर्थनगरी
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेंद्र शेखावत, फिक्की के उपमहासचिव निरंकार सक्सेना, चीफ एडवाइजर राज्यसभा डा. रामा स्वामी, राज्यसभा सांसद शशिकला आदि भी तीर्थनगरी पहुंचे।
उन्होंने परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचने पर मोक्षदायिनी से उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने समाज हित के लिए कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।