हाथी को देखकर बस चालक अनिल कुमार ने बस रोक दी और बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। तभी हाथी ने बस के शीशे पर अपनी सूंड़ मारी, इससे शीशा थोड़ा सा टूट गया।
इसके बाद हाथी ने बस को एक फीट हवा में उठा दिया। इससे बस में बैठी सवारियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी बीच, परिचालक पुरुषोत्तम प्रकाश ने सभी सवारियों को चुप रहने को कहा। सवारियां चुप हो गईं तो हाथी बस को छोड़कर पीछे से आ रहे एक डंपर की ओर चला गया।
जैसे ही हाथी पीछे की ओर गया तो चालक ने बस दौड़ा दी। इसके बाद हाथी डंपर में लदे सब्जी, दाल, अनाज आदि को खाने लगा। हाथी को खाता देख चालक ने डंपर को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया और फिर तेजी से डंपर लेकर चला गया।
वहीं रामनगर डिपो के स्टेशन इंचार्ज नवीन आर्या ने बताया कि बसों पर हाथी द्वारा लगातार तोड़फोड़ की जा रही है। ऐसे में वन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा एवं सरकारी संपत्ति को हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए वन विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
कुमेरिया द डेन कॉर्बेट रिसॉर्ट में मंगलवार रात एक हाथी गेट तोड़ कर घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। दो घंटे तोड़फोड़ कर रिसॉर्ट में खड़े बांस सहित हरे पेड़ों को खाकर चला गया, लेकिन सूचना देने के बाद भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। रिसॉर्ट के प्रबंधक कमल रावत ने बताया कि मंगलवार रात डेढ़ बजे हाथी रिसॉर्ट का गेट तोड़कर घुसा था। वन कर्मियों के नहीं आने पर रिसॉर्ट के स्टॉफ ने पटाखे फोड़कर हाथी को खदेड़ा।
प्रबंधक ने बताया कि पहले भी पांच से छह बार हाथी रिसॉर्ट में आ चुका है और वन विभाग को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में उन्होंने एक पत्र वन क्षेत्राधिकारी मोहान को देकर पर्यटकों की सुरक्षा की मांग की है।