देहरादून। चंपावत जिले में पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक स्थापित किया जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विचार करने का आश्वासन दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर चंपावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर विचार करने की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री से पूर्व में चंपावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित किए जाने का आग्रह किया गया था। रक्षा मंत्री ने बताया कि इस मामले की जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के केंद्रीय संगठन को चंपावत में भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए टाइप डी पॉलीक्लिनिक की स्थापना का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। इस प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
चंपावत सहित सीमांत क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार निवास करते हैं। ऐसे में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना होने पर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय की ओर से सकारात्मक रुख सामने आने से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री ने चंपावत के पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह विषय केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा था। रक्षा मंत्रालय की ओर से आश्वासन मिलने से अब चंपावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।