भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे की तैयारियां शुरू हो गई है। प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने रविवार को देहरादून पहुंचकर प्रदेश संगठन के साथ बैठक की और शाह के साथ विचार विमर्श किए जाने वाले मुद्दों पर मंथन किया।
शाह आगामी तीन मई को सुबह ग्यारह बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद हाथीबड़कला में सर्वे ऑफ इंडिया के सभागार में पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे। शाह पहली बार देहरादून आ रहे है।
प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि अमित शाह के आने से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। शाह के स्वागत आदि का अलग से प्लान बनाया जा रहा है। इससे पूर्व श्याम जाजू ने प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ मंथन किया।
शाह के स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। भाजपा मीडिया प्रभारी उमेश अग्रवाल ने बताया कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर परवादून जिला संगठन व प्रदेश के नेता शाह का जोरदार स्वागत करेंगे। इसके बाद डोईवाला से रिस्पना तक स्वागत जगह जगह कार्यक्रम लगाए गए हैं।
रिस्पना पुल से हाथीबड़कला तक स्कूटर रैली आयोजित कर शाह को ले जाया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी हो गई है। श्याम जाजू द्वारा बुलाई गई बैठक में प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत, ज्ञान सिंह नेगी, नरेश बंसल, विधायक हरबंश कपूर, रविंद्र कटारिया, महानगर अध्यक्ष नीलम सहगल, अनुराधा वालिया आदि ने भी अपने सुझाव रखे।