उत्तराखंड सरकार के सौ दिन पूरे होने पर त्रिवेंद्र सरकार ने अपनी कई उपलब्धियां गिनाईं हैं। इन उपलब्धियों की हकीकत परखने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अगस्त महीने में तीन दिनों तक उत्तराखंड में प्रवास करेंगे।
इस दौरान वह बूथ से लेकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों की नब्ज टटोलेंगे। संगठन से सरकार के कामकाज के बारे में फीडबैक लेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ बैठक कर पार्टी के एजेंडे को लागू करने की समीक्षा करेंगे।
अमित शाह का उत्तराखंड का दौरान पार्टी संगठन के साथ-साथ सरकार के लिए काफी अहम होगा। संगठन और सरकार के स्तर पर अभी से इसकी तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 110 दिन का भ्रमण कार्यक्रम बनाया है। 110 दिनों के दौरान वह देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करेंगे। वह उन राज्यों में तीन-तीन दिन तक प्रवास करेंगे, जहां भाजपा की सरकार है। इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वह अगस्त माह में (संभवत: 12, 13 और 14 अगस्त) उत्तराखंड आएंगे।