अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शिरकत करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली लौट चुके हैं और अब संगठन और सरकार राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्वागत की तैयारी में जुट गए हैं। राज्यों के दूसरे चरण के भ्रमण अभियान के तहत शाह 24 जून को देहरादून पहुंच रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू के मुताबिक,‘ बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा।’
संगठन को शाह का मिनट टू मिनट कार्यक्रम अभी नहीं प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन संगठन के स्तर पर जल्द संभावित कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होगी। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि आज या कल सीएम के साथ बैठक होगी, जिसमें संभावित कार्यक्रम बनाया जाएगा। केंद्रीय संगठन की ओर से जो कार्यक्रम प्राप्त होगा, उसके हिसाब से उसमें संशोधन कर दिए जाएंगे।
पांचों सीटें जीतना बैठक का एजेंडा
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बैठक का मुख्य एजेंडा लोकसभा चुनाव होंगे और शाह संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पांचों सीटें जीतने का वचन लेकर जाएंगे। प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने माना कि बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी।
जांचेंगे सांगठनिक कार्यक्रमों का रिपोर्ट कार्ड
राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक का दूसरा प्रमुख एजेंडा वे सभी सांगठनिक कार्यक्रम हैं, जिन्हें वह अपने पिछले दौरों में संगठन को दे गए थे। इनमें दलितों और पिछड़ों को पार्टी से जोड़ने का भी एक कार्यक्रम है, जिसे पार्टी को बूथ स्तर तक चलाना है। इसके अलावा केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के सकारात्मक पक्षों को जनता तक पहुंचाने और मोदी एप का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने पर भी शाह का फोकस रहा है। शाह इन सभी मुद्दों की कसौटी पर संगठन के रिपोर्ट कार्ड का परखेंगे।