देहरादून। उत्तराखंड डाक परिमंडल की ओर से आयोजित 39वीं अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में उत्तराखंड डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एमयू अब्दाली मुख्य अतिथि रहे। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न डाक परिमंडलों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबले हुए। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एमयू अब्दाली ने सभी खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड डाक परिमंडल के लिए इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव का विषय रहा। प्रतियोगिता में महिला टीम इवेंट का खिताब पश्चिम बंगाल परिमंडल ने जीता। वहीं पुरुष टीम इवेंट में केरल परिमंडल विजयी रहा। पुरुष एकल (45 से ज्यादा) वर्ग में महाराष्ट्र परिमंडल के पराग एकांडे ने बाजी मारी। पुरुष एकल का खिताब उत्तराखंड परिमंडल के अमित शर्मा के नाम रहा। महिला एकल में पश्चिम बंगाल परिमंडल की अनुरिया दास ने जीत दर्ज की। पुरुष युगल (45 से ज्यादा) में केरल परिमंडल के जोमोन जॉर्ज और उत्तराखंड परिमंडल के संजीव विजेता बने। महिला युगल में छत्तीसगढ़ परिमंडल की जूही देवांगन प्रसाद और कर्नाटक परिमंडल की लीला लक्ष्मी आर. ने खिताब जीता। मिश्रित युगल के दो मुकाबले हुए। पहले मिश्रित युगल में ओडिशा परिमंडल के स्वाधीन गौड़ा और छत्तीसगढ़ परिमंडल की जूही देवांगन प्रसाद विजयी रहे। साथ ही दूसरे मिश्रित युगल में उत्तराखंड परिमंडल के अमित शर्मा और केरल परिमंडल के देव आचार्य ने खिताब अपने नाम किया।