फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: भीषण उमस में बिजली के अघोषित कट से उबले ग्रामीण

Sat, 04 Jul 2026 09:40 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
गर्मी और उमस के बीच पसीने से तर-बतर ग्रामीण इलाकों के लोग बिजली की अघोषित कटौती से बेहाल हैं। विकासनगर ग्रामीण क्षेत्र के करीब दो हजार घरों की 10 हजार से अधिक आबादी इस समस्या से जूझ रही है। दिन हो या रात, बार-बार लग रहे कट से पंखे, कूलर और एसी शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन

विद्युत वितरण खंड विकासनगर के ढकरानी बिजली घर से जुड़े ग्रामीण इलाकों में बिजली की यह आंख-मिचौली बड़ी परेशानी का सबब बन गई है। ग्राम ढकरानी, ढालीपुर, कुल्हाल, मटक माजरी, कुंजा, कुंजाग्रांट, आदूवाला, जूडली, शाहपुर-कल्याणपुर, धर्मावाला, फतेहपुर, तिमली, प्रतीतपुर समेत सहसपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन व रात के समय बार-बार आधा से एक घंटे तक की कटौती हो रही है।

नींद हुई हराम, दुकानदारों का हो रहा नुकसान
ढकरानी निवासी रियाज अली, ढालीपुर के पूर्व प्रधान मोहम्मद इकबाल, कुल्हाल निवासी नदीम राव और धर्मावाला के पूर्व प्रधान चौधरी जगबीर सिंह आदि का कहना है कि भीषण गर्मी व उमस में ग्रामीणों को बिजली उपकरणों की सुविधा नहीं मिल पा रही। रात के समय बिजली गुल होने से लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। इतना ही नहीं, बार-बार बिजली जाने से दुकानदारों का शीतल पेय व खाने-पीने का अन्य सामान भी खराब होकर नुकसान का कारण बन रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से तत्काल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
विज्ञापन


गर्मी बढ़ने से ओवरलोडिंग की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे बचाव के लिए आपूर्ति को बीच-बीच में बंद किया जा रहा है। फिलहाल यह समस्या दूसरे शहरों व क्षेत्रों में भी है। एक-दो बारिश होने के बाद तापमान गिरेगा तो स्थिति खुद ही सामान्य हो जाएगी। - मयंक सक्सेना, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, विकासनगर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें