एशियन स्कूल में अमर उजाला के 15वें मेगा समर कैंप का आगाज हो गया। कैंप में 500 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं।
सिखाए खेल-खेल में हुनर निखारने के गुर
इन बच्चों को खेल-खेल में हुनर निखारने के गुर सिखाए जाएंगे। गुरुवार सुबह 09:30 बजे एशियन स्कूल में जिला खेल अधिकारी सतीश सार्की ने दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ खेलने पर भी ध्यान देने का संदेश दिया। सार्की ने कहा कि पढ़ाई में वही बच्चा आगे बढ़ सकता है, जो मानसिक रूप से स्वस्थ हो। इसके लिए खेल जरूरी है।
उन्होंने अमर उजाला की पहल को सराहते हुए कहा कि इससे बच्चों की प्रतिभा सामने आएगी और उनके अंदर की हिचक भी दूर होगी।
कोआर्डिनेटर श्वेता माटा ने बताया कि कैंप में एथलेटिक्स, बास्केटबाल, स्वीमिंग, क्रिकेट, फुटबाल और बैडमिंटन जैसे खेल शामिल किए गए हैं।
इनके अलावा योग, आर्ट, क्राफ्ट, फायरप्रूफ कुकिंग, क्ले मॉडलिंग, बंबू क्राफ्ट जैसे कलात्मक कार्य भी बच्चों को सिखाए जाएंगे। इंडियन क्लासिकल डांस, सालसा, हिप-हॉप और बालीवुड स्टाइल डांस भी बच्चों को सिखाया जाएगा।
इस दौरान एशियन स्कूल के डायरेक्टर गगनजोत सिंह, कोआर्डिनेटर मुकेश नागिया, हेड मिस्ट्रेस कल्पना ग्रोवर, स्पोर्ट्स डायरेक्टर स्वर्ण सिंह, फुटबाल कोच राहुल कैंतुरा आदि मौजूद रहे।