अमर उजाला उत्तराखंड संवाद-2025 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और सफल उद्यमी इस क्षेत्र में कॅरिअर विकल्पों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। 10 जून को हरिद्वार रोड स्थित होटल सेफर्ट सरोवर प्रीमियर में दिनभर चलने वाले कार्यक्रम में राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे। इन सभी दिग्गजों को अगर आप भी सुनना और देखना चाहते हैं तो क्यूआर कोड स्कैन करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
नीतू बिष्ट, इन्फ्लुएंसर और उद्यमी
उत्तराखंड के पौड़ी जनपद से ताल्लुक रखने वालीं नीतू बिष्ट आज युवाओं की प्रेरणा हैं। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, लेकिन इससे भी बड़ी बात यह है कि उन्होंने कंटेंट क्रिएशन को सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी में बदला है। नीतू बिष्ट ने अपने सफर की शुरुआत बहुत सीमित संसाधनों से की थी और आज वे एक सफल डिजिटल इन्फ्लुएंसर के साथ-साथ एक फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड की को-फाउंडर भी हैं। वे विशेष रूप से उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और बोली को अपने वीडियो में दर्शाकर पहाड़ की आत्मा को दुनिया तक पहुंचाती हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि, परिवार के प्रति समर्पण और आत्मनिर्भरता की सोच ने उन्हें हर वर्ग के दर्शकों में लोकप्रिय बनाया है। कम ही लोग जानते हैं कि नीतू ने खुद की पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम काम भी किया था, जिससे उनकी मेहनत और लगन की मिसाल बनती है।
लखन रावत, इन्फ्लुएंसर एवं उद्यमी
लखन रावत एक बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती डिजिटल क्रिएटर हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। उनकी पहचान न केवल एक इन्फ्लुएंसर के रूप में है, बल्कि वे एक सफल यूट्यूबर, ब्रांड प्रमोटर और सामाजिक संदेशों को हास्य और रचनात्मकता के जरिये प्रस्तुत करने वाले क्रिएटिव उद्यमी हैं। अपने कंटेंट में वे न केवल हास्य और फैशन का संतुलन रखते हैं, बल्कि मानवता, रिश्ते, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन के मूल्यों पर भी काम करते हैं। उत्तराखंड की जड़ों से जुड़े लखन, अपने वीडियो में अक्सर पहाड़ की भाषा, रहन-सहन और संस्कार को उजागर करते हैं। लखन रावत और नीतू बिष्ट एक जोड़ी के रूप में भी सोशल मीडिया पर मशहूर हैं। उन्होंने मिलकर डिजिटल दुनिया में एक सकारात्मक ब्रांड और कहानी खड़ी की है।
डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा, सह-संस्थापक, वेंचर कैटेलिस्ट, स्टार्टअप इन्वेस्टर और गाइड
भारत के हर युवा के पास एक आइडिया हो और हर आइडिया को उड़ान मिले का विजन रखने वाले डॉ.अपूर्व रंजन शर्मा भारत के अग्रणी स्टार्टअप इन्वेस्टर और इनोवेशन गाइड माने जाते हैं। वे वेंचर कैटेलिस्ट के सह-संस्थापक हैं, जो भारत का पहला एकीकृत स्टार्टअप इनक्यूबेशन प्लेटफॉर्म है। वे अब तक 150 से अधिक स्टार्टअप्स में निवेश कर चुके हैं, जिनमें कई यूनिकॉर्न कंपनियां भी शामिल हैं। डॉ. शर्मा ने देश में एंजल इन्वेस्टिंग को एक नया आयाम दिया और कई मिड-टियर शहरों से निकलने वाले उद्यमियों को सीधा ग्लोबल इनोवेशन इकोसिस्टम से जोड़ने का काम किया। वे बेयर्डो, भारत पे, पीसेफ जैसे कई सफल ब्रांड्स के शुरुआती मार्गदर्शकों में रहे हैं। इसके अलावा डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा एआईसीटीई, नीति आयोग और कई केंद्रीय मंत्रालयों के साथ मिलकर स्टार्टअप इंडिया मूवमेंट को जमीनी स्तर पर विस्तार देने में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
अमर उजाला संवाद में अभिनय की बात करेंगे अभिनेता जयदीप अहलावत
‘पाताल लोक’ ‘राज़ी’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘महाराज’ में किरदारों को अपने अभिनय से जीवंत कर देने वाले अभिनेता जयदीप अहलावत 10 जून को अमर उजाला संवाद में शिरकत करेंगे। जयदीप ने 2025 में पाताल लोक सीजन-2 में निभाए अपने किरदार से वाहवाही लूटी थी। और अब उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में फैमिली मैन-3, हिसाब और इक्कीस में आपको उनका अभिनय देखने को मिलेगा। जयदीप का जन्म रोहतक, हरियाणा के गाँव खरकड़ा के एक जाट परिवार में हुआ था। उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में अपनी स्नातक की शिक्षा भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान से 2008 में पूर्ण की। उन्होंने बॉलीवुड में 2010 में आई प्रियदर्शन की फ़िल्म खट्टा मिट्ठा और अक्षय कुमार निर्मित फिल्म आक्रोश से 2010 में अभिनय की शुरुआत की। लेकिन उन्हें पहचान 2012 में आई अनुराग कश्यप की फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर से मिली।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: गजराज के कदमों से तय होगी वन कर्मियों की गश्त, राजाजी में वन्यजीवों के हलचल को लेकर अध्ययन शुरू
संवाद का बौद्धिक विमर्श अब देखेगा पूरा देश, 10 जून को एबीपी न्यूज पर होगा सीधा प्रसारण
देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में संवाद के तीसरे संस्करण का आयोजन 10 जून को होने जा रहा है। अमर उजाला के इस संवाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे देश में देखा जा सकेगा। क्योंकि एबीपी न्यूज ने संवाद के आधिकारिक टीवी पार्टनर के रूप में अमर उजाला से साझेदारी की है। एबीपी न्यूज के दिग्गज रिपोटर्स संवाद की कवरेज जन-जन तक पहुंचाएंगे।