संवाद का संचालन अमर उजाला उत्तराखंड के संपादक संजय अभिज्ञान ने किया। संवाद में अमर उजाला नैनीताल से प्रो. अजय रावत (प्रसिद्ध पर्यावरणविद, इतिहासकार, संस्कृति के जानकार), राधा बहन (सामाजिक कार्यकर्ता, गांधी शांति प्रतिष्ठान की पूर्व अध्यक्ष, जमनालाल बजाज पुरस्कार प्राप्त), कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक बंसल, सीआईआई उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष राकेश ओबेरॉय, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल, डीडी जोशी, ने सीएम से सीधे सवाल भी किए और अपने सुझाव भी दिए।
पर्वतीय कृषि योजनाओं पर ध्यान देना जरूरी
प्रसिद्ध पर्यावरणविद, इतिहासकार अजय रावत ने पूछा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में अभी तक 15 हजार लोगों ने ही स्वरोजगर के लिए आवेदन किया है। इतने कम आवेदनों का क्या कारण रहा? अजय रावत ने कहा कि स्वरोजगार के लिए हमें पर्वतीय कृषि पर भी ध्यान देना हो। होर्टिकल्चर को भी बढ़ावा देना चाहिए। इसके साथ ही फैक्ट्री में मजदूरों के लिए सुरक्षा प्लान नहीं है। उस पर भी सरकार को ध्यान देना चाहिए। सीएम ने कहा कि जब मैं कृषि मंत्री था तो हमने अपणु बाजार शुरू किया था। यह प्रदेश के कई जिलो में हैं। इंडस्ट्री के लिए लाइसेंस अब पूरी जांच पड़ताल के बाद ही दिया जाता है।
दूरस्त क्षेत्रों की सुविधाओं पर ध्यान देना जरूरी
सीआईआई के पूर्व अध्यक्ष राकेश ओबेरॉय ने कहा कि लॉकडाउन में उद्योग कम हुआ है। समस्याएं जरूर हैं, लेकिन प्रदेश सरकार जिस तरह से इस पर काम कर रही है उम्मीद है जल्द ही ये दोबारा दुरुस्त होगा। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में फंडिंग को बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। वहीं बैंको को भी चाहिए कि वे लोन देने के लिए खुद सामने आएं। लोगों को जागरुक करने के लिए हर जिले में एक एक्सपर्ट की टीम बननी चाहिए। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री योजना में फंड की कोई कमी नहीं है।
वुड वर्क को मिले बढ़ावा
सामाजिक कार्यकर्ता राधा बहन ने कहा कि पहले वुड वर्क होता था। वह केवल नक्काशी ही नहीं होती थी बल्कि वह एक संदेश भी देता था। अब यह कारोबार कम होता जा रहा है। प्रवासी महिलाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम दें। महिलाओं को जोड़ेंगे तो रोजगार सृजन की राह निकलेगी।
इज ऑफ डूइंग सेल्फ बिजनेस को मिले बढ़ावा
सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल ने कहा कि आपदा अवसर भी लेकर आती है। हमें इस काल को अवसर में बदलना होगा। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ाएं। इसके साथ ही इज ऑफ डूइंग सेल्फ बिजनेस शुरू करने पर भी ध्यान दें। कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक बंसल ने कहा कि हमें ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना चाहिए। रोजगार छोटा हो या बड़ा वह रोजगार और राजस्व जरूर देता है।
कोरोना से ठीक होने वालों को होटल में देंगे 50 फीसदी डिस्काउंट
उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, ने कहा कि कोविड महामारी ने लोगों को खौफ में डाल दिया है। लाखों लोग इसकी चपेट में हैं। इसलिए उत्तराखंड होटल एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि अगर कोई भी व्यक्ति जो कोरोना से ठीक हो गया है और वह उत्तराखंड आकर कुछ दिन बिताना चाहता है तो उन्हें होटल की बुकिंग पर 50 फीसदी डिस्काउंट दिया जाएगा।