Amar Ujala Jyotish Maha Kumbh: ज्योतिष महाकुंभ में देशभर के विद्वानों से अपने भविष्य की संभावनाओं को जानने और तलाशने के लिए पहुंचे लोगों के कदम बारिश भी नहीं रोक पाई। ज्योतिष महाकुंभ में भारी भीड़ पहुंची। बरसात के बीच भीड़ को देख ज्योतिषी खुश हुए।
ज्योतिष महाकुंभ में देशभर के विद्वानों से अपने भविष्य की संभावनाओं को जानने और तलाशने के लिए पहुंचे लोगों के कदम बारिश भी नहीं रोक पाई। इस दौरान हस्तरेखा विज्ञान व टैराेकार्ड और चेहरे देखकर मन की बात सुनने के लिए लोगों की कतारें लग गई।
विज्ञापन
ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में सुबह करीब नौ बजे राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने विद्वान ज्योतिषियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बीती रात से ही शहर में हो रही बारिश का सिलसिला शनिवार की सुबह भी जारी रहा। ऐसे में कार्यक्रम में पहुंचे 100 से अधिक ज्योतिष भी बारिश को चुनौती मानकर चल रहे थे। लेकिन उद्घाटन समारोह में ही उनके स्वागत में उमड़ी लोगों की भीड़ ने यह जता दिया कि शहर के लोगों में ज्योतिषियों एवं ज्योतिष विज्ञान के प्रति कितना लगाव और विश्वास है।
एक घंटे से अधिक चले उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हॉल खचाखच भरा रहा। इसके बाद ज्योतिषियों ने जैसे ही लोगों का भविष्य बताना शुरू किया तो लोगों की भीड़ जुट गई। देर शाम तक लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जो लोग अपनी कुंडली आदि नहीं दिखा पाए, वे अगले दिन का समय लेकर कार्यक्रम स्थल से निकले। अपना भविष्य जानने के लिए युवाओं की संख्या अधिक थी।