उत्तराखंड लोक सेवा आयोग इस वक्त समूह क और ख के पदों पर भर्तियां करता है। बेहद कम संख्या में समूह ग पर भर्ती निकाली जाती हैं। आयोग की पीसीएस जैसी कई भर्तियां अभी तक लटकी हुई हैं जबकि एक भर्ती में आमतौर पर एक से डेढ़ साल का वक्त यहां भी लग रहा है।
परिषद पर सरकार लगा चुकी रोक
पहले प्रदेश में समूह ग की भर्तियों के लिए उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद (यूबीटीईआर) को भी अधिकृत किया गया था लेकिन बाद में सरकार ने एक आदेश जारी करते हुए परिषद से समूह ग की भर्तियों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, फिलहाल स्टाफ नर्स की भर्ती प्रक्रिया परिषद के ही पास है लेकिन रोक के चलते यहां भी समूह ग की भर्तियां शुरू करने के लिए पहले सरकार को आदेश करना होगा।
अधीनस्थ आयोग के पास 2000 पदों के प्रस्ताव पहुंचे
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पास लगातार भर्तियों के प्रस्ताव पहुंच रहे हैं। आयोग सचिव संतोष बडोनी के मुताबिक, अभी तक करीब 2000 पदों के लिए प्रस्ताव (अधियाचन) आ चुके हैं। इनमें वाहन चालक के 158, मानचित्रकार के 86, आईटीआई अनुदेशक के 160, फॉरेस्ट गार्ड के 893 और क्लेरिकल पदों के करीब 500 पदों के लिए प्रस्ताव शामिल हैं। आयोग इनके विज्ञापन प्रकाशित करने की तैयारी में जुट गया है।
वैसे तो सामान्य तौर पर हम सालाना 3500 पदों के लिए भर्ती परीक्षा करा सकते हैं लेकिन अगर समय से अधिचायन मिलें तो हम 7000 पदों तक भी भर्ती परीक्षा करा सकते हैं।
- संतोष बडोनी, सचिव, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग