अभी तक विवि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज कैंपस में संचालित हो रहा है
- फोटो : AmarUjala
एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी को आखिरकार छह साल के इंतजार के बाद अपना परिसर मिल गया है। अभी तक विवि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज कैंपस में संचालित हो रहा है। आने वाले दो से तीन महीने के बाद विवि का नया पता सेंट्रल होपटाउन होगा, जहां निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी ब्रिडकुल को सौंप दी गई है।
एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना वर्ष 2014 में की गई थी। शुरू में विवि का कार्यालय किराए की बिल्डिंग में चलता रहा। करीब दो साल पहले राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में कार्यालय को शिफ्ट कर दिया गया था। विवि में कुलपति पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद प्रो. हेमचंद्र इसका विस्तारित परिसर बनाने की कोशिशों में जुट गए थे।
उन्होंने शासन से मांग की थी कि अलग से कम से कम 20 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को पंख लग सकें। सरकार ने अहमियत समझते हुए सेंट्रल होपटाउन में विवि को 18 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने इसका आदेश जारी कर दिया। यहां पहले से ही एक इमारत बनी हुई है, जिसका रेनोवेशन की जिम्मेदारी शासन ने ब्रिडकुुल को सौंप दी है। दो से तीन महीने के भीतर विवि का परिसर नए पते पर चलना शुरू हो जाएगा।
100 बेड का अस्पताल बनेगा, नए कोर्स चलेंगे
एचएनबी मेडिकल विवि के कुलपति प्रो. हेमचंद्र ने बताया कि नए परिसर में अब 100 बेड का संक्रमण रोगों के लिए अस्पताल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि डेंगू, स्वाइन फ्लू जैसे संक्रमण आने के बाद कई बार दून मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में अलग से वार्ड बनाना पड़ता है, जिससे दूसरे मरीजों को दिक्कतें होती हैं। यह अस्पताल बनने के बाद परेशानी दूर हो जाएगी। दूसरी ओर, विवि की ओर से एमबीबीएस को छोड़कर तमाम तरह के जॉब ओरिएंटेड कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी नए परिसर में शुरू किए जाएंगे।