खानपुर में ऊर्जा निगम से सेवानिवृत्त अधिकारी और एक किसान क्षेत्र के लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए जागरूक कर रहे हैं। दोनों बुजुर्गों ने शुरुआती दौर में ही कोविड टीकाकरण कराकर आसपास के लोगों में इसके प्रति पनप रही भ्रांतियों को दूर करने का काम किया। अब तक लक्सर क्षेत्र में लगभग 22 हजार लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं।
कस्बा निवासी मामचंद वर्मा ऊर्जा निगम से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वहीं, लक्सर विकासखंड क्षेत्र के कुंआखेड़ा गांव निवासी कालूराम खेती के साथ-साथ सामाजिक कार्यों से भी जुडे़ रहते हैं। सामाजिक सहभागिता के कारण क्षेत्र के काफी लोग उनसे सलाह मशवरा लेते रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लक्सर में 25 जनवरी से कोविड टीकाकरण शुरू कर दिया था।
दोनों वरिष्ठ नागरिक शुरुआती दौर में ही कोविड वैक्सीन लगवा चुके हैं। कालूराम ने खुद वैक्सीन लगवाने के बाद ढाढेकी, कुंआखेड़ा, भुरना, भुरनी, खेड़ी, दाबकी, लक्सर, अकोढ़ा, मुंडाखेड़ा, केहड़ा आदि गांवों के लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
वहीं, मामचंद वर्मा ने नगर क्षेत्र के साथ-साथ शेखपुरी, गंगनौली, सेठपुर, सैदाबाद, रायसी बिजोपुरा, मोहम्मद बुजुर्ग सहित एक दर्जन गांवों के लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया। ग्रामीण बताते हैं कि दोनों बुजुर्ग लोगों की प्रेरणा से अब तक लगभग 1200 लोग कोविड वैक्सीनेशन करा चुके हैं।