आपका जरा-सा खून किसी व्यक्ति की जान भी बचा सकता है। रक्तदान से बढ़कर कुछ नहीं है।
14 जून को आयोजित होगा कैंप
लोगों को यह संदेश और जरूरतमंदों के लिए रक्त एकत्र करने के उद्देश्य से अमर उजाला की ओर से आने वाली 14 जून को स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया जा रहा है।
कैंप शहर की कई लोकेशन पर लगेगा। कुछ जगह डोनर वाहन उपलब्ध रहेगा, जबकि कुछ जगह डाक्टरों की टीम तकनीकी सपोर्ट से ब्लड एकत्र करने का कार्य करेगी।
जो भी व्यक्ति रक्तदान करेगा उसे अमर उजाला फाउंडेशन प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित करेगा। रक्तदाताओं के नाम फोटो सहित अमर उजाला में प्रकाशित किए जाएंगे।
‘संवाद’ में कैंप को सफल बनाने का संकल्प
अमर उजाला की ओर से आयोजित किए जा रहे ब्लड डोनेशन कैंप में सहयोग देने के इच्छुक व्यक्ति, संस्थाओं के सदस्य रविवार को अमर उजाला परिसर में जुटे।
यहां कांफ्रेंस हाल में हुए ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान इन्होंने न केवल कैंप को सफल बनाने का संकल्प लिया, बल्कि अधिक-से-अधिक सहयोग की बात दोहराई।
लगभग एक घंटे चले इस कार्यक्रम में सभी लोगों ने अपनी बात रखी। इस बात पर सभी का एक मत था कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करके ही लोगों की जिंदगी बचाने का कार्य किया जा सकता है।
कैंप के आयोजन के संबंध में उपस्थित जनों ने कई उपयोगी सुझाव भी दिए।