मसूरी रोड पर पहुंचे कांवड़ियों को समझाती महिला पुलिस अधिकारी।
प्रतिबंध के बावजूद कांवड़िए मसूरी जाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। बुधवार को कई कांवड़िए बैग में भगवा कपड़े डालकर जींस-टीशर्ट पहनकर मसूरी जाने की कोशिश करते रहे। लेकिन पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर सभी को वापस भेजा।
हुड़दंग की आशंका पर कांवड़ियों के मसूरी जाने पर इस बार पूरी तरह प्रतिबंध है। करीब 15 दिन पहले पुलिस ने इसकी घोषणा कर मसूरी डायवर्जन, कुठाल गेट और कोल्हू खेत पर चेकिंग प्वाइंट भी बनाए हैं। पिछले तीन दिन से कांवड़िए मसूरी जाने की कोशिश कर रहे हैं। बुधवार को कई ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की हर संभव कोशिश की। भगवा कपड़ाें को छिपाकर इनकी कई टोलियां टी शर्ट-जींस पहनकर मसूरी जाने की कोशिश करते रहे। लेकिन पुलिस ने वाहनों में बैग चेक कर उन्हें रोककर समझा बुझाकर शांत किया। एसओ राजपुर नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि कुछ युवक मसूरी जाने से रोकने पर बहस कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने कांवड़ियों से सहयोग की अपील की है।