माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। निरंजनपुर मंडी में आज से सभी गेट ग्राहकों के लिए खुले रहेंगे। इसके अलावा एंट्री के लिए घंटेवार पास की व्यवस्था भी खत्म कर दी गई है। मंडी में ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए मंडी समिति नई व्यवस्था बना रही है। निरंजनपुर मंडी में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ समय पूर्व घंटेवार पास की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसके अलावा रोजाना केवल एक हजार लोगों को ही मंडी में एंट्री देने का फैसला लिया गया था। साथ ही वाहनों के लिए ऑड ईवन की व्यवस्था भी लागू की गई थी। लेकिन इन सब कवायदों के चलते मंडी में ग्राहकों की संख्या बेहद कम हो गई। आलम यह है कि ज्यादातर आढ़ती और किसान अपना पूरा सामान भी नहीं बेच पा रहे हैं। इन सबके बीच मंडी समिति ने किराया दोगुना करने समेत कई तरह के शुल्क लगा दिए हैं। इससे परेशान होकर आढ़तियों ने मंडी अध्यक्ष और सचिव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने सभी शुल्क में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की थी। इस पर मंडी अधिकारियों ने उनकी आय बढ़ाने के लिए ग्राहकों की संख्या बढ़ाने का भरोसा दिलाया था। मंडी अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि बुधवार को मंडी के सभी गेट खोलने के निर्देश दिए गए हैं। अब घंटेवार पास के बजाय व्यापारियों का लॉट अंदर भेजा जाएगा। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए अंदर पांच पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि मंडी में रोजाना एंट्री करने वाले ग्राहकों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इससे आढ़तियों और किसानों को अपना माल बेचने में आसानी रहेगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल ट्रायल पर है। किसी तरह की जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है। -- बोर्ड की बैठक आज मंडी अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड की बैठक आज कुमाऊं मंडल में आयोजित हो रही है। कुछ दिन पूर्व निरंजनपुर मंडी समिति ने कई तरह के शुल्क लगाने और दुकानों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया था। यह सभी प्रस्ताव बोर्ड को भेजे गए हैं। आज होने वाली बैठक में इन प्रस्तावों पर फैसला लिया जाएगा।