देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि धामी सरकार सम भाव और भेद रहित शासन चला रही है। कांग्रेस ही तालाब में मछलियों की विशेषज्ञ है तो उसका इसमें अच्छा अनुभव रहा होगा।
भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि अब तक जो भी मामले सामने आए हैं तो उन पर रिपोर्ट दर्ज करने से लेकर कार्रवाई तक में कोई गुंजाइश नहीं बची है। कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मामले में अपना ट्रैक रिकॉर्ड देखने की जरूरत है। राज्य में जनता ने जो बदलाव किया है, उसमें भ्रष्टाचार अहम था। जनता की कहीं सुनवाई नहीं थी। जनता ने कांग्रेस शासन में खुली लूट और छोटी व बड़ी मछलियों को नजदीक से देखा। चौहान ने कहा कि भेदभाव रहित सम भाव का शासन सीएम पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल से समझा और देखा जा सकता है। भर्ती मामलों मे बिना काल खंड देखे, हर रसूखदार को जांच के दायरे में लाकर धामी ने जीरो टॉलरेंस का उत्कृष्ठ उदाहरण पेश किया। आज जो राजनैतिक रूप से आरोप लगा रहे हैं तब उन्होंने धामी के साहसिक निर्णय की प्रशंसा की थी।