नेपाल में आंदोलन के दौरान हुई हिंसक वारदात के बाद यहां सीमा पर एसएसबी अलर्ट हो गई है। संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
नेपाल में थारू राज्य की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान सोमवार को हुई हिंसा के बाद सीमा पर एसएसबी को सतर्क किया गया है। एसएसबी की 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने एसएसबी को पेट्रोलिंग बढ़ाने और चेकिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं।
आने-जाने वालों की सघन तलाशी
उन्होंने एसएसबी को सीमा पर जंगली और खुफिया मार्गों से नेपाल को आवाजाही करने वालों की सघन तलाशी लेने के भी निर्देश दिए हैं। महिला एसआई पूनम सुरीन के नेतृत्व में एसएसबी की महिला विंग भी सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग में लगाई गई है। एसएसबी पेट्रोलिंग और चेकिंग में डाग स्क्वायड की भी मदद ले रही है।
टनकपुर में खुफिया विभागों की बैठक
वहीं टनकपुर में सीओ राजेंद्र सिंह रौतेला की अध्यक्षता में खुफिया विभागों की भी बैठक हुई। उन्होंने एजेंसियों को सूचनाओं का आदान-प्रदान करने और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि के बारे में पता चलते ही पुलिस को अवगत कराने को कहा।
बैठक में वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी, वन दरोगा भोपाल पांडेय, तपन सरकार, वनबीट अधिकारी मदन सिंह तिवारी, गोपाल सिंह सम्मल, एसआईओ के विक्रम सिंह, मो. आसिफ, एलआईयू से हरीश कन्याल, भुवन चंद्र भट्ट, सीआईएसएफ से इंस्पेक्टर राहुल रोहन आदि मौजूद थे।