यौन शोषण के मामले में बाबा राम रहीम को दोषी करार देने के बाद कई राज्यों में हिंसा के मद्देनजर उत्तराखंड में भी पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। डेरा समर्थकों की निगरानी कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।
देहरादून में 17 समर्थक चिहिंत किए गए है। वैसे तो डेरा सच्चा सौदा को जिले में कोई आश्रम नहीं है, लेकिन कांवली रोड स्थित चर्चा घर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। समर्थकों ने पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग का भरोसा दिया है।
हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हुई हिंसा के बाद उत्तराखंड पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूडी ने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। यदि कोई शांति भंग करने की कोशिश करे तो उससे सख्ती से निपटा जाए।