फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेख यादव का पार्टी नेताओं और आम जनता को ऑफर, कहा सपा में आएं और विधायक बन जाएं

Thu, 30 Aug 2018 09:52 PM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, रुद्रपुर
विज्ञापन
Akhilesh Yadav
विज्ञापन

उत्तराखंड पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रदेश में सपा की कमजोर स्थिति पर कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वे यहां आए हैं। युवाओं से अपील कर रहे हैं कि वे हमारे आंदोलन से जुड़ें। राजेश शुक्ला हमारे संगठन में थे, लेकिन भाजपा से विधायक बन गए। लोग सपा में आएं और विधायक बन जाएं।

विज्ञापन


सपा सुप्रीमो ने कहा कि उत्तराखंड से उनका भाई-भाई का रिश्ता रहा है। कहा कि हरीश रावत से वे बराबर संपर्क में रहते थे और हर समस्या का मिल जुलकर समाधान कर लेते थे। उन्होंने कहा कि संबंध बनाने से बनते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन बड़ा फैसला है। चुनाव में बड़े फैसले होने ही हैं। यूपी में कैसा गठबंधन होगा, उत्तराखंड में कैसा होगा, यह बाद का विषय है। लेकिन, उन्होंने गठबंधन के फार्मूले ईजाद कर लिए हैं।
विज्ञापन


जैसे प्रत्याशी हमारा, चुनाव चिन्ह आपका। लड़ जाइये और जीत जाइये। कहा कि 18 हजार लैपटाप बांटे, लेकिन भाजपा ने सिर्फ नारे ही जनता को दिए। सपा नगर निकाय चुनाव लड़ेगी क्योंकि यही चुनाव का ग्रास रूट है। यह संदेश साफ है कि जिसे विधानसभा चुनाव लड़ना है, वह अभी से तैयारी भी शुरू कर दे।  
 

अखिलेश यादव - फोटो : amar ujala
यूपी में किए गए कामों की उपलब्धियों के साथ पहाड़ की समस्याओं को उठाते हुए लोगों को सपा के कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। आने वाले समय में उत्तराखंड में सपा जमीन, संगठन और सदन में भी दिखाई देगी। अखिलेश ने कहा कि पहाड़ से उनका गहरा और पुराना रिश्ता है। इस रिश्ते के बल पर भी लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में मीडिया से मुखातिब अखिलेश ने कहा है कि उत्तराखंड में प्रदेश सरकार को उद्योगों को ज्यादा सुविधाएं देनी चाहिए। केंद्र और प्रदेश की सरकार का यह स्वर्ण काल है। इस वक्त प्रदेश को केंद्र से ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं और फंड मिल सकता है। छह महीने बाद तो केंद्र सरकार भी नहीं रहेगी। भाजपा सरकार को पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बजट देना चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स या मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के लिए उत्तराखंड से बेहतर जगह नहीं हो सकती। फिर भी इस मामले में यूपी में ज्यादा काम हो रहा है। अखिलेश ने नोटबंदी को देश की जनता के साथ धोखा करार दिया और कहा कि नोटबंदी का परिणाम दिखना शुरू हो गया है। भाजपा बताए कि नोटबंदी में जान गंवाने वाले क्या जिंदा हो सकते हैं। जीएसटी ने भी कारोबार और नौकरियों को खत्म करने का काम किया है।
विज्ञापन

मैं नहीं जानता योगी कुमाऊंनी हैं या गढ़वाली : अखिलेश

अखिलेश यादव व योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
उत्तराखंड को लेकर मुलायम के बयान और चाचा शिवपाल यादव के सेक्युलर मोर्चा बनाने के सवाल पर अखिलेश टाल गए। उन्होंने कहा कि वह नहीं समझते कि पुरानी बातों और बयानों की चर्चा होनी चाहिए। इन बातों में उलझने के बजाय वे जनता को नए तरीके से जोड़ना चाहते हैं। यह पार्टी मुलायम सिंह की ही है, उनके बारे में चर्चा न करें। अमर सिंह के वीडियो के सवाल पर अखिलेश बोले कि सपा गरीबों की और अल्पसंख्यकों को जोड़ने वाली पार्टी है।

अखिलेश ने कहा कि पहाड़ से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। वे समय पर उत्तराखंड आए हैं और लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में समाजवादी लोग अभी से चुनाव की तैयारियां शुरू कर देंगे। इस दौरान उनके साथ सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी, पूर्व जेल मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया, पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम मौजूद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि वे नहीं जानते हैं कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुमाऊंनी हैं या गढ़वाली हैं। लेकिन, उत्तराखंड से आए योगी को यूपी की जनता ने सीएम बना दिया। वे योगी के घर में देखने आए हैं कि क्या हो रहा है। कहा कि सीएम योगी ने पिछले चुनाव में सपा को सांप छछूंदर कहा तो जनता ने उन्हें उनकी लोकसभा में ही हार का स्वाद चखा दिया। अखिलेश ने योगी पर चुटकी ली कि वे ऐसे ही अच्छे बयान दें और इससे 2019 में सपा को जीत मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें