आल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) ऋषिकेश में स्थापना के कई साल बाद भी ट्रॉमा सेंटर समेत तमाम अत्याधुनिक सेवाएं उपलब्ध न होने पर एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है। पीएमओ ने तत्काल शिकायत का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और एम्स के अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एम्स ऋषिकेश में अभी तक ट्रामा सेंटर, इमरजेंसी सेवा, जीवन रक्षक प्रणाली, उपकरण और स्टाफ की कमी है। इसके चलते संस्थान का मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। दूधली, डोईवाला निवासी अजय कुमार ने 20 मार्च को नमो एप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह जानकारी भेजकर सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
अपने पत्र में अजय ने कहा कि पहाड़ के ज्यादातर अस्पतालों में ट्रामा सेंटर समेत तमाम सुविधाओं की कमी बनी हुई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदा की दृष्टि से संवेदनशील होने के कारण तमाम हादसों में बड़ी संख्या में लोग घायल होते हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से इनमें से ज्यादातर लोग दम तोड़ देते हैं।
पीएमओ ने पत्र का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पत्र अग्रसारित किया। अब एम्स ऋषिकेश के निदेशक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अजय कुमार ने बताया कि वह इस मुद्दे पर लगातार पीएमओ से संपर्क बनाए हुए हैं।