ऋषिकेश के आदर्श नगर और शांति नगर में एम्स हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित करेगा। रविवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के मिशन निदेशक युगल किशोर पंत और एम्स ऋषिकेश के निदेशक डॉ.रविकांत के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इन सेंटरों में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ एम्स नियुक्त करेगा। संचालन पर आने वाले खर्च का भुगतान प्रदेश सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना से करेगी।
एनएचएम के मिशन निदेशक युगल किशोर पंत ने बताया कि ऋषिकेश शहरी क्षेत्र आदर्श नगर और शांति नगर में हेल्थ वेलनेस सेंटर खुलने से गरीब परिवारों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। हेल्थ वेलनेस सेंटर को संचालित करने के लिए पहली बार एम्स के साथ एमओयू किया गया है। एनएचएम के तहत देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के 33 शहरों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं।
इन पीएचसी में मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। एम्स निदेशक डॉ.रविकांत ने एनएचएम के तहत इस वित्त पोषित योजना को अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि एम्स प्रशासन प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य प्रयासों को हर स्तर पर सहायता करने के लिए तत्पर है। इस मौके पर एनएचएम के प्रभारी डॉ. विनोद टोलिया, डॉ. कुलदीप सिंह मार्तोलिया आदि मौजूद रहे।