कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों की योजनाओं में ढिलाई को लेकर विभागीय अफसरों को जमकर फटकारा और बोले- टाइम पास करना छोड़ दें। उन्होंने कहा कि जिला उद्यान अधिकारी व मुख्य उद्यान अधिकारी दफ्तर में बैठकर फर्जी आंकड़े भेज रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
बृहस्पतिवार को सचिवालय में किसानों को उच्च प्रजाति के फलदार पौधे देने की कार्ययोजना पर हुई बैठक में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने अफसरों को खूब फटकारा। उन्होंने सरकार के विजन डॉक्यूमेंट के अनुरूप आगामी वर्षों में किसानों को उच्च प्रजाति के फलदार पौधे वितरित करने की योजना को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।
इसमें सभी जिलों के डीएचओ व सीएचओ वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए थे। विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह में दोबारा बैठक के निर्देश दिए। बैठक में सचिव कृषि डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।