राजकीय सेवा में प्रमोशन में आरक्षण और सीधी भर्ती के पदों के रोस्टर के खिलाफ सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के कर्मचारी रविवार से सांकेतिक आंदोलन करेंगे। उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन ने शनिवार को आंदोलन के पहले चरण का कार्यक्रम जारी किया। सांकेतिक आंदोलन का एलान करते हुए एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी और प्रांतीय महासचिव वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उनका किसी के खिलाफ नहीं बल्कि अपनी मांगों के समर्थन में है। आंदोलन के दौरान कर्मचारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों को ज्ञापन के जरिये पूछेंगे कि आरक्षण के मसले पर उनका क्या स्टैंड है?
देहरादून में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन के दोनों नेताओं ने कहा कि अदालत में सरकार की ओर से कमजोर पैरवी के कारण उसके खिलाफ फैसले आ रहे हैं। अदालत के आदेश पर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2012 में प्रमोशन में आरक्षण को समाप्त कर दिया था। सरकार अपने इस स्टैंड पर कायम है। इसलिए उसने न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर कर आरक्षण के पक्ष में आए फैसलों को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जनरैल सिंह बनाम भारत सरकार में सुप्रीम कोर्ट के जिस फैसले के आधार पर प्रमोशन में आरक्षण के पक्ष में फैसले आ रहे हैं, अभी उस मामले में अंतिम फैसला नहीं आया है। 19 अक्टूबर को इस पर सुनवाई होनी है। लेकिन अदालत में सरकार की ओर से इस पक्ष को प्रभावी ढंग से नहीं रखा जा रहा है। वार्ता में एसोसिएशन के मुख्य संयोजक वीपी नौटियाल, एसपीएस देवरा, हीरा सिंह बसेडा भी उपस्थित थे।
सांकेतिक आंदोलन का कार्यक्रम
8,9, 10 सितंबर: सभी जिला इकाइयां संबंधित क्षेत्रीय विधायक व सांसद के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजेंगे
9 सिंतबर: सभी जिला इकाइयां जिलाधिकारी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन सौंपेंगी
9 व10 सितंबर: प्रांतीय कार्यकारिणी व देहरादून इकाई मंत्रियों से 11 सितंबर की कैबिनेट में पक्ष रखने की मांग करेंगी
12,13 सितंबर: एसो. की प्रांतीय कार्यकारिणी सभी संघों, परिसंघों के साथ बैठक और द्वार सभाएं होंगी
14 सितंबर को सभी संघों, परिसंघों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों व एसोसिएशन की प्रांतीय व जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में आंदोलन की दूसरे चरण का कार्यक्रम बनेगा
मुख्य स्थाई अधिवक्ता पर बोला हमला
उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्प्लाइज एसोसिएशन ने उच्च न्यायालय में प्रदेश सरकार के मुख्य स्थाई अधिवक्ता (सीईसी) पर हमला बोला। प्रमोशन में आरक्षण के मसले पर सीईसी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे सरकार की नीति निर्देशों से बाहर जाकर पैरवी कर रहे हैं, जिससे सरकार को न्यायालय में असहज होना पड़ रहा है।
ये है मांग
-प्रमोशन में आरक्षण समाप्त करने वाले 2012 के आदेश को बरकरार रखा जाए
-कैबिनेट ने सीधी भर्ती के रोस्टर से एससी का जो पहला पद हटाकर छठा पद किया है, उस फैसले का शासनादेश जारी हो
-न्यायालय में सरकार प्रमोशन में आरक्षण के मसले पर मजबूत पैरवी करे
19 सालों में 20वें पद हुई नियुक्ति निरस्त हो
उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि वर्ष 2001 से सीधी भर्ती के रोस्टर में पहला पद एससी के लिए तय किया। इस व्यवस्था से सीधी भर्ती में एससी के पदों की संख्या 20 हो गई, जबकि आरक्षण की दर 19 प्रतिशत निर्धारित थी। उन्होंने कहा कि कायदे से 19 सालों में 20वें पद पर हुई नियुक्ति को भी निरस्त होना चाहिए।