छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों ने मंगलवार को सड़क पर प्रदर्शन किया। जिसके चलते कुछ देर यातायात बाधित हो गया। छात्रों ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। उधर दून विश्वविद्यालय में भी छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का धरना जारी रहा।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज, पथरीबाग के छात्र पिछले पांच दिनों से महाविद्यालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को सुबह गेट पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी छात्र पथरीबाग चौक पर पहुंचे और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर आई पुलिस ने छात्रों को समझाया और वह कॉलेज के गेट से लौट गए। छात्रों के प्रदर्शन के चलते कुछ देर यातायात बाधित हुए। प्रदर्शन करने वालों में आयुषी पैन्यूली, आकाश कुमार, बलबीर कुंवर, राहुल जुयाल, भीम साउद, प्राची थपलियाल, साहिल पंवार, ऋतिक नेगी, अभिषेक पंवार, नीरज कुमार, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।