नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। जिससे ठंड लौट आई है। जोशीमठ में कल देर रात से हो रही बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां कई गांव बर्फ से ढक गए हैं। यमुनोत्री क्षेत्र सहित यमुना घाटी में सुबह से बारिश हो रही है। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमपात हो रही है। देर रात से रंवाई घाटी में अंधेरा पसरा हुआ है।
चमोली जिले में बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, खिर्सू औली, गोरसों सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देर रात से ही बर्फबारी हो रही है। यहां कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में सुबह से बारिश जारी है। यहां अंधेरा छाया हुआ है। रुद्रप्रयाग में देर रात से बारिश हो रही है। केदारनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है।
वहीं रुद्रप्रयाग जिले में हो रही लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण डीएम ने शुक्रवार को भी समस्त शासकीय अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में कक्षा 1 से 12 तक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। कर्णप्रयाग, गैरसैंण, गौचर सहित पिंडर घाटी में बारिश हो रही है।
आधी रात से बारिश बेनीताल की पहाड़ी व सिलपाटा क्षेत्र के गांवों में बर्फबारी जारी है। जंगलचट्टी से आगे बर्फ से रोड बंद पड़ी है। घनसाली भिलंगना छेत्र में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ है। आज शादी विवाह का दिन है। जिससे लोगों की परेशानी झेलनी पड़ रही है। भारी बर्फबारी के चलते मयाली-घनसाली मोटर मार्ग चिरबटिया में फिर से बाधित हो गया है। यहां रोडवेज सहित दर्जन भर वाहन बर्फ में फसे हुए हैं।
मुनस्यारी में गुरुवार दिन भर बेहतरीन धूप खिलने के बाद शाम से मौसम खराब हुआ। जिसके बाद रात को शुरु हुई बर्फबारी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। यहां सुबह तक लगभग आधा फिट जमा हो चुकी है। यहां पुरानी और नई बर्फ मिलाकर लगभग एक फुट है।
थल मुनस्यारी मोटर खोलने का कार्य पुनः ठप हो गया है। विद्युत आपूर्ति कल शाम बाजार में आती जाती रही। मदकोट जौलजीबी में रात से विद्युत आपूर्ति ठप है। कलामुनि, बेतुलीधार, पातलथौड़, बलांति आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4 फिट बर्फ पड़ चुकी है। पिंडर घाटी क्षेत्र व शामा क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। धानाचूली, रानीखेत के चौबटिया में भी बर्फबारी हुई है। नैनीताल जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी होने की खबर है।
बर्फबारी से उत्तराखंड में करीब 311 गांवाें का संपर्क कटा हुआ है। 37 से ज्यादा सड़कों बंद पड़ी हैं। वहीं केदारनाथ के साथ सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है।
वहीं लगातार तीन दिन बारिश और बादल छाए रहने के बाद गुरुवार को धूप खिली तो लोगों को ठंड से राहत मिली। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। दिनभर की धूप का असर रात को भी दिखा और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में बारिश और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में खासी कमी आई थी। वहीं, दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी। गुरुवार को धूप खिलने के बाद दून के साथ ही मसूरी, धनोल्टी समेत अन्य इलाकों के तापमान में भी वृद्धि हुई। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। वहीं, शाम और रात की ठंडक में भी कमी आई।