उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट में भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। पूर्व राज्य मंत्री बीना महराना और पूर्व विधायक केसी पुनेठा ने भाजपा छोड़ दी है। दोनों नेताओं ने निर्दलीय मैदान में उतरने से इंकार नहीं किया है।
शुक्रवार को पूर्व राज्य मंत्री महराना और पूर्व विधायक पुनेठा ने पत्रकार वार्ता में पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। प्रदेश अध्यक्ष को भेजे संयुक्त इस्तीफे में दोनों नेताओं ने कहा कि वे कांग्रेस युक्त हो चुकी भाजपा से नाता तोड़ रहे हैं।
जिन भ्रष्टाचारी नेताओं के खिलाफ पार्टी ने मोर्चा खोला, आज भाजपा उन्हीं नेताओं को पलकों पर बिठा रही है। पार्टी नेता कह रहे हैं कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया है, लेकिन सुबह पार्टी में शामिल होने वालों को शाम को ही टिकट दे दिए गए। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी नहीं रह गई है।