कोतवाली पुलिस ने बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन संदीप त्यागी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ उनके पिता से मारपीट और घर से चोरी करने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाल विकासनगर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर अनिल धीमान निवासी हरबर्टपुर विकासनगर, रविंदर, सोनू , प्रदीप के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच चौकी प्रभारी हरबर्टपुर को सौंपी गई है। वहीं चेयरमैन संदीप त्यागी निवासी वार्ड-15 ढकरानी ने बताया कि घटना बीती 30 सितंबर की रात की है। वे समिति के कार्य से बाहर थे। आरोप लगाया कि रात को कुछ लोग बाउंड्री फांद कर उनकी घर में घुसे। एक आरोपी उनकी पत्नी के कमरे में घुसा और जबरन वहां से सोने की चूड़ियां उठा ली। विरोध करने पर पत्नी को धक्का देकर कमरे से बाहर निकल गया और बाहर से कुंडी बंद कर दी। कुछ लोगों ने दूसरे कमरे में उनके पिता से डंडे और सरिया से मारपीट की, जिससे उनके पिता लहूलुहान हो गए। शोर मचाने और परिवार के अन्य सदस्यों के एकत्र होने पर सभी आरोपी वहां से गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। आरोपी पिता की तकिया के नीचे रखी नकदी भी ले गए। आरोपियों ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कहा कि उनके पिता को धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके हाथ में फ्रैक्चर है। तीन अंगुली भी टूटी है। पैर पर भी गंभीर चोटें आई है। 100 नंबर पर डायल कर उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।