उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम एक बस के सड़क पर पलटने से उसमें सवार 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
गनीमत यह रही कि ब्रेक फेल होने का आभास होते ही बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई। अन्यथा बस खाई में गिरने पर बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में चोटिल लोगों को 108 वाहन से इलाज के लिए ऋषिकेश भेजा गया है।
ढलान पर आते ही फेल हो गए ब्रेक
बस पलटते ही चीख पुकार मच गई।
- फोटो : AmarUjala
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर जा रही बस कौड़ियाला से सात किमी पहले तोताघाटी की तेज ढलान में पलट गई। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई।
लोग किसी तरह से बस से बाहर निकले। दुर्घटना में तीन लोगों को ज्यादा चोटें आई, जबकि 11 सवारियों को मामूली खरोंचे आई। बस चालक राकेश चंद्र निवासी आईटीआई मुहल्ला कर्णप्रयाग ने बताया कि ढलान में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।
खाई में जाने से बचाने के लिए पहाड़ी से टकरा दी
बस दुर्घटना
- फोटो : AmarUjala
सड़क के बायीं ओर गहरी खाई थी और दांयी ओर पहाड़ी। बस को खाई में गिरने से बचाने के लिए उसने बस को पहाड़ी से टकरा दिया। प्रत्यक्षदर्शी गौरव पंचभैया ने बताया कि यदि चालक बस को पहाड़ी पर नहीं टकराता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस उप निरीक्षक मदन सिंह ने बताया कि बस पलटने से लगभग एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। बस को क्रेन की मदद से हटाकर वाहनों का आवागमन चालू कराया गया।