बीटेक काउंसिलिंग से पहले कुल सीटों में इजाफा हो सकता है। उत्तराखंड तकनीकी विवि में बुधवार को हुई काउंसिलिंग बोर्ड की बैठक में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के आरक्षण पर चर्चा हुई। इसके बाद तय किया गया कि शासन से इस पर राय मांगी जाए। बैठक में जून के तीसरे सप्ताह से काउंसिलिंग कराने पर सहमति बनी। संभावित तिथियों पर भी चर्चा की गई। प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में सरकारी और प्रबंधन कोटे की करीब आठ हजार सीटों पर इस काउंसिलिंग से दाखिले होने हैं। सीटों की स्पष्ट संख्या अभी ईडब्ल्यूएस आरक्षण पर फैसला होने के बाद ही तय हो पाएगी। विवि की कुलसचिव प्रो. अनीता रावत के मुताबिक, ईडब्ल्यूएस आरक्षण पर शासन से निर्देश मिलने के बाद काउंसिलिंग कराई जाएगी।
एसएमएस से मिलेगी सीट आवंटन की जानकारी
काउंसिलिंग केवल ऑनलाइन होगी और शुल्क भी ऑनलाइन जमा होगा। सीट आवंटन की सूचना छात्रों को एसएमएस से मिल जाएगी। यह काउंसिलिंग ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन के स्कोर के आधार पर होगी।
यूटीयू के इन कॉलेजों में भी होंगे दाखिले
काउंसिलिंग से तकनीकी विवि के संघटक कॉलेज डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आईटी, टनकपुर, टीएचडीसी आईएचईटी टिहरी, नन्हीं परी एसआईटी पिथौरागढ़, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोपेश्वर, महिला प्रौद्योगिकी संस्थान देहरादून, जीबीपीईसी पौड़ी, बीटीकेआईटी द्वाराहाट और पंतनगर विश्वविद्यालय के तहत संचालित बीटेक व बायोटेक कोर्सेज में भी सीटें आवंटित होगी।
यहां भरी जाएगी च्वाइस : www.ukcounseling.nic.in