यूजीसी से अनुमति मिलने पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने प्रवेश तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। सभी नए एवं पुराने छात्र-छात्राएं बिना विलंब शुल्क के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे।
मुक्त विश्वविद्यालय में नये सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया 31 अगस्त को बंद हो गई थी। यह तिथि यूजीसी की ओर से निर्धारित की गई थी। इधर, कुमाऊं विश्वविद्यालय समेत दूसरे विश्वविद्यालयों में प्रवेश न मिल पाने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी यूओयू में भी प्रवेश पाने से वंचित रह गए थे।
कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने यूजीसी और मानव संसाधन मंत्रालय को पत्र भेज कर राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए प्रवेश तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया था। इस पर यूजीसी द्वारा देशभर के सभी मुक्त विश्वविद्यालयों में प्रवेश की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला लिया गया।
कुलपति प्रो. नेगी ने यूजीसी का आभार जताते हुए कहा कि जो विद्यार्थी किन्हीं कारणों से प्रवेश नहीं ले पाए थे, शीघ्र प्रवेश ले लें। पीआरओ डा. राकेश रयाल ने बताया कि अब तक यूओयू में 58,793 छात्र- छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं जो अब लगभग 80 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है।