उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार देर रात नैनीताल और अल्मोड़ा के डीएम समेत 10 आईएएस, पीसीएस अफसरों के तबादले कर दिए।
शासन से जारी आदेश के मुताबिक, नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल को हटाकर अपर सचिव कार्मिक और अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। उनकी जगह अल्मोड़ा के डीएम अंशुल सिंह को नैनीताल डीएम बनाया गया है। निदेशक खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा डीएम बनाया गया है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी विनीत तोमर को नैनीताल के जिला विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस निधि यादव से कृषि हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है। देहरादून में एडीएम केके मिश्र को एडीएम हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। पीसीएस पंकज उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी के साथ एडीएम हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। हरिद्वार से एडीएम वैभव गुप्ता को देहरादून में एडीएम बनाया गया है। अल्मोड़ा में एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल में एसडीएम बनाया गया है। एसडीएम सुधीर कुमार को नैनीताल से अल्मोड़ा भेजा गया है।