देहरादून। योनेक्स सनराइज कृष्णा खेतान ऑल इंडिया जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड की अदिति भट्ट ने दोहरे खिताब अपने नाम किए हैं। वहीं अन्य वर्गों में उन्नति बिष्ट व ध्रुव रावत ने भी रजत पदक जीते हैं।
पंचकुला में चल रहे बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला एकल वर्ग के फाइनल में उत्तराखंड की अदिति भट्ट का मुकाबला उत्तराखंड की उन्नति बिष्ट से हुआ, जिसमें अदिति 22-20, 13-21, 22-20 से विजयी रहीं। उन्नति को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महिला युगल में भी अदिति ने दिल्ली की अशी रावत के साथ खिताब कब्जाया। इसमें अदिति-अशी की जोड़ी ने एयर इंडिया की जोड़ी को 17-21, 21-19, 21-15 से हराया। मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में उत्तराखंड के ध्रुव रावत-तृषा हेगड़े की जोड़ी को एयर इंडिया की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा और ध्रुव को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष बीएस मनकोटी ने अदिति के दोहरे खिताब व ध्रुव, उन्नति के रजत पदक जीतने पर खुशी व्यक्त की है।