आधार कार्ड बनवाने के लिए लोग परेशान घूम रहे हैं। उन्हें पता ही नहीं चल पाता कि आधार कार्ड कब और कहां बनेगा? शिविरों के प्रचार के लिए रजिस्ट्रार जनरल आफ इंडिया (आरजीआई) ने फंड उपलब्ध करा दिया है, लेकिन फाइल डीएम कार्यालय में अटकी होने की वजह से काम रुका है।
आधार कार्ड बनाने के लक्ष्य में दून पिछड़ गया है। अभी निश्चित संख्या के आधे आधार कार्ड ही नहीं बन पाए हैं। कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से आधार कार्ड का काम रुका रहा। इसके बाद प्रगणक शिविरों से गायब रहते थे। बिना प्रगणकों के आधार कार्ड बनवाने वालों का सत्यापन नहीं हो पा रहा था।
शिविरों के लिए प्रचार नहीं
अब प्रगणक आ रहे हैं तो शिविरों के प्रचार के लिए फंड नहीं है।इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड को आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी के तकनीकी प्रभारी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि अगर शिविरों का प्रचार-प्रसार हो तो लोग कार्ड बनवाने के लिए आएं।
अभी तो शिविरों के संबंध में लोगों को पता ही नहीं लग पाता है। आरजीआई ने वार्ड के प्रत्येक ब्लाक को एक हजार रुपए शिविर के प्रचार के लिए दिए हैं। एक वार्ड में 10 से 20 ब्लाक होते हैं।