मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक जीएस रावत ने कहा कि निकाय चुनाव में तैनात रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पोस्टल बैलेट 12 नवंबर तक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। रेंजर्स कॉलेज से सभी आरओ को पोस्टल बैलेट दिए जाएंगे।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की पोस्टल बैलेट वितरण एवं प्राप्ति को लेकर बैठक हुई। बैठक में जीएस रावत ने कहा कि 12 नवंबर तक आरओ संबंधित मतदाताओं को पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराएंगे।
आवेदकों से बैलेट 17 नवंबर तक स्वीकार कर लिए जाएंगे। रेंजर्स कॉलेज से सभी आरओ को पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने आरओ को मतदेय स्थलों का रेंडम निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक करने को कहा। बताया कि मतदान कार्मिकों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के जरिये से भुगतान किया जाएगा। बताया आरओ को नौ नवंबर को मतपेटियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल ने बताया कि जिस मतदाता द्वारा प्रपत्र-9 प्रस्तुत किया जाएगा, उसे ही पोस्टल बैलेट जारी किए जाएंगे। बताया कि पोस्टल बैलेट 50-50 की बंडलिंग में तैयार किए गए हैं। इन्हें इसी आधार पर बांटा जाएगा। बताया कि डिस्पैच सामग्री के लिए रैंजर्स कॉलेज में काउंटर लगाए जाएंगे। हर काउंटर से अलग-अलग तरह की सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी तरह संग्रह केंद्र पर भी निर्वाचन सामग्रियां प्राप्त की जाएंगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट प्रदीप पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीर सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम देहरादून अरविंद पांडेय, रिटर्निंग अधिकारी ऋषिकेश एसएम सेमवाल, रिटर्निंग अधिकारी डोईवाला कुसुम चौहान, मसूरी मीनाक्षी पटवाल, विकासनगर एवं हरबर्टपुर प्रभारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रत्यूष सिंह के साथ ही विभिन्न स्थानीय निकायों से संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने बताया कि दूसरे चरण का मतदान प्रशिक्षण 9 से 12 नवंबर तक ओएनजीसी ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसके अलावा 13 एवं 14 नवंबर को मतगणना कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।