राजधानी देहरादून के अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार, विकासनगर, टिहरी, उत्तरकाशी, रुड़की जैसे शहरों से संचालित निजी गाड़ियों और टैक्सियों के अलावा सार्वजनिक वाहनों में कोरोना का हवाला देते हुए यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूलने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग ने तैयारी कर ली है। आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने हरिद्वार, रुड़की, विकासनगर, उत्तरकाशी, ऋषिकेश के एआरटीओ को निर्देशित किया है कि राज्य परिवहन प्राधिकरण की ओर से तय किराये से अधिक वसूलने वाले वाहन संचालकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई यात्रियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि औचक जांच में यदि यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूलने की बात सामने आई तो संबंधित गाड़ी को सीज करने के साथ ही संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।