डिपो में बसें ना ले जाकर बाईपास से ही बसें ले जाने वाले चालकों-परिचालकों के खिलाफ प्रबंधन ने शिकंजा कस दिया है। यात्रियों की शिकायतों के बाद महाप्रबंधक दीपक जैन ने ऐसे चालकों-परिचालकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस बाबत सभी सहायक महाप्रबंधक व प्रवर्तन टीम के अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं।
महाप्रबंधक दीपक जैन के अनुसार कुछ यात्रियों की ओर से शिकायतें मिली हैं कि चालक-परिचालक परिवहन निगम द्वारा सुनिश्चित बस अड्डों और ठहरावों पर बसें नहीं ले जाते हैं। कई चालक-परिचालक शहरों के बाईपास से ही बसें लेकर चले जाते हैं।
इसकी वजह यात्रियों को परेशानी के अलावा परिवहन निगम को वित्तीय नुकसान भी हो रहा है। बता दें, इससे पहले भी परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से बाईपास से होकर गाड़ियां गुजारने वाले चालकों-परिचालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। कुछ दिन तक स्थितियां ठीक रहीं, लेकिन बाद में चालक- परिचालक फिर से मनमानी करने लगे हैं।