देहरादून महानगर सिटी बस सेवा महासंघ ने आरोप लगाया है कि ऑटोमेटेड वाहन फिटनेस सेंटर में जबरन नया स्पीड गवर्नर लगाकर वाहन मालिकों से 3500 रुपये वसूले जा रहे हैं। महासंघ ने इस पर आपत्ति जताते हुए आरटीओ से शिकायत की है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल ने आरटीओ को भेजी शिकायत में कहा कि डोईवाला स्थित फिटनेस सेंटर में जितने भी व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस टेस्ट किए जा रहे हैं उनसे उनमें नए स्पीड गवर्नर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए वाहन मालिकों से 3500 रुपये लिए जा रहे हैं। जबकि, वर्ष 2019 में परिवहन आयुक्त ने आदेश दिए थे कि पुराने वाहनों में यदि स्पीड गवर्नर सही कार्य कर रहा है तो उसी में वाहन फिटनेस को सुनिश्चित किया जाए। स्पीड गवर्नर डिवाइस के नवीनीकरण का प्रमाणपत्र वाहन स्वामी से न लिया जाए।
डंडरियाल ने कहा कि डोईवाला फिटनेस सेंटर में जितने भी वाहन स्वामियों से स्पीड गवर्नर के 3500 वसूले गए हैं उनके वाहनों में पुराना स्पीड गवर्नर ठीक कार्य कर रहा था। उन्होंने आरटीओ से मांग की है कि वाहनों में दोबारा पुराने स्पीड गवर्नर लगाकर वाहन स्वामियों को 3500 रुपये तत्काल वापस कराए जाएं। साथ ही फिटनेस सेंटर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।