देहरादून। कैंट क्षेत्र में मंदिर से घंटियां चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई मंदिर की घंटियां भी बरामद कर ली हैं।
कैंट थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि 22 जुलाई को चांदमारी घंघोड़ा निवासी लव कुमार तमांग ने कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर से घंटियां चुरा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 23 जुलाई को चेकिंग अभियान के दौरान चेरी ग्राउंड के पास से विशाल थापा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मंदिर से चोरी की गई घंटियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे जुटाने की खातिर उसने मंदिर से घंटियां चोरी की थीं। वह चोरी का सामान बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।