अगस्त्यमुनि क्षेत्र के तिमली-गंगानगर मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में दो लोग सवार थे। दोनों को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह करीब 10:14 बजे तिमली मोटर मार्ग पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
वाहन में दो लोग सवार थे, जिन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना में गणेश (38) ग्राम फलई और महावीर (28) क्यूजा सुरक्षित हैं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें...बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: वित्तीय अनियमितता से लेकर नियुक्ति पर भी पहले उठे थे सवाल, नहीं हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों का कहना है कि 50 से अधिक गांवों को जोड़ने वाला तिमली-गंगानगर मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।