देहरादून से लौट रही काशीपुर (उधमसिंहनगर) के भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस दिल्ली-हरिद्वार पर पुराना एआरटीओ चौराहे के पास मुरादाबाद डिपो की बस से टकरा गई।
दुर्घटना में भाजपा कार्यकर्ताओं समेत पंद्रह लोग घायल हो गए। जिसमें से एक फौजी, एक महिला और उसके मासूम बेटे की हालत गंभीर होने पर देहरादून रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों बस हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
दुर्घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे पुराना एआरटीओ चौक के पास हुई। हरिद्वार की ओर से देहरादून जा रही मुरादाबाद डिपो की बस की साइड सामने से आ रही भाजपा कार्यकर्ताओं की बस से जा लगी। रोडवेज बस की एक साइड पूरी ही क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया।
एंबुलेंसों से घायलों को जिला एवं मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायलों के नाम रफीक (55) उसकी पत्नी शहीदा (50) निवासीगण नई बस्ती डालनवाला देहरादून, विजय पाल (45) पुत्र शिवचरण निवासी विजय कालोनी देहरादून, इनाम अली (45) पुत्र अल्ला रख्खा निवासी नूरपुर बिजनौर, बुद्धिलाल (27) पुत्र मिशिल सिंह, विकास पुत्र परमेश्वर निवासी अमन विहार देहरादून, सलमान पुत्र रमजानी निवासी बिजनौर, आशीष चौधरी पुत्र हितेश निवासी लालपुरा कोतवाली देहात बिजनौर, फौजी सोनू (26), महजबीन (36) पत्नी कासिम, उसका बेटा मोहम्मद आयाम छह वर्ष निवासीगण डोईवाला देहरादून एवं काशीपुर के भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष सुशील कुमार (44), मंडल मंत्री समरपाल तेजवीर चौहान है।