तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर
आशारोड़ी बैरियर के पास एक और गंभीर सड़क हादसा हुआ है। नशे में धुत युवकों की लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। मनीष हुड्डा की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायतकर्ता के अनुसार एक मई को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपनी कार से दिल्ली से देहरादून की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ तीन महिलाएं और एक बच्चा सवार था। आशारोड़ी बैरियर पर पुलिस बैरिकेडिंग के कारण उन्होंने अपनी गाड़ी धीमी कर दी थी, तभी पीछे से आ रही एक मारुति सियाज ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
तहरीर के मुताबिक, सियाज कार में सवार तीन युवक मनवेंद्र सिंह (चालक), रुपेश सिंह और डोनाल्ड सिंह नशे में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार आगे खड़ी एक अन्य वाहन से जा टकराई, जिससे तीनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपी युवक आक्रामक हो गए और गाड़ी से शराब की बोतलें बाहर फेंकते हुए महिलाओं को धमकाने और अभद्रता करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ितों ने किसी तरह पास की पुलिस चौकी पहुंचकर मदद ली। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे की तैयारियां तेज, 70 विधानसभा सीटों पर जीत के दावेदारों पर होगा मंथन
चेकपोस्ट में हुआ टेस्ट नशे में मिले युवक
शिकायतकर्ता मनीष हुड्डा ने तहरीर में बताया कि आशारोड़ी चेकपोस्ट पर किए गए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में चालक सहित दो युवकों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसमें चालक की रीडिंग 186 पाई गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि गंभीर रूप से जानलेवा कृत्य है। मनीष हुड्डा ने पुलिस से चालक का मेडिकल परीक्षण कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी, वाहन जब्त करने तथा सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।