मसूरी। एबीवीपी ने गुरुवार को एमपीजी कॉलेज में नीट पेपर लीक मामले के विरोध में प्रदर्शन कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हैं। इस मौके पर परिषद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पूतला फूंककर विरोध जताया।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं कठोर जांच कर दोषियों को सख्त कानूनी सजा दी जानी चाहिए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। परिषद ने कहा कि छात्र हित सर्वोपरि है। सरकार किसी भी दल की हो, यदि विद्यार्थियों के हितों के साथ अन्याय होगा या परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जाएगी तो एबीवीपी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों की आवाज उठाती रहेगी। चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा। इस अवसर पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनुज पंवार, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आशुतोष जोशी, सहसचिव करिश्मा, कोषाध्यक्ष नमन, इकाई अध्यक्ष वंश थापली, विकास रावत सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।