डीबीएस पीजी कॉलेज में भी छात्रसंघ चुनाव की रंगत नजर आने लगी है। कॉलेज में एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। शिक्षकों ने किसी तरह मामला संभाला।
मंगलवार को डीबीएस कॉलेज में भी एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ता अपने-अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रचार कर रहे थे। प्रचार के दौरान किसी बात पर एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़ पड़े। पहले गाली-गलौच हुई। इसके बाद बात लात-घूंसों तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ता देख कई शिक्षक बीच बचाव करने पहुंचे। किसी तरह उन्होंने दोनों पक्षों का समझाया। मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस कार्रवाई नहीं की है।
उच्च शिक्षा निदेशालय की सख्ती के बाद भी एनएसयूआई ने मंगलवार को सभी कॉलेजों में धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी की। एनएसयूआई अध्यक्ष ने 31 अगस्त को सचिवालय कूच की चेतावनी दी है।
डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने का आश्वासन पूरा न करने के विरोध में एनएसयूआई की ओर से उच्च शिक्षा राज्यमंत्री के खिलाफ आंदोलन चलाया जा रहा है। इस क्रम में मंगलवार को प्रदेश के सभी कॉलेजों में तालाबंदी की गई। डीएवी में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में तालाबंदी कर धरना दिया गया।
डीएवी, डीबीएस, एमकेपी, एसजीआरआर पीजी कॉलेजों में एनएसयूआई ने तालाबंदी कर धरना दिया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सौरभ मंमगाई के नेतृत्व में गांधी पार्क पर भी धरना दिया। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मंत्री के खिलाफ 31 अगस्त को सचिवालय कूच किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत भट्ट, प्रदेश सचिव आयुष गुप्ता, प्रदेश सचिव अंकिता पाल राजपूत, जिला उपाध्यक्ष नित्यानंद, जिला महासचिव उर्वशी चौहान, हिमांशु रावत, उदित थपलियाल, राजेश भट्ट, विजय बिष्ट, अक्षत भट्ट, पंकज नेगी, मानसी, मनीषा नेगी, सागर भट्ट, नीतू बिष्ट, मिताली रावत, आसिफ मालिक, अभिषेक डोबरियाल आदि मौजूद रहे।
एसजीआरआर के एनएसयूआई प्रत्याशी घोषित
एनएसयूआई ने एसजीआरआर पीजी कॉलेज में चार पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। एनसयूआई एसजीआरआर प्रभारी अभिषेक डोबरियाल ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर ओशिन कुनवाल, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सूरज सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष पद पर मेघा भट्ट और सहसचिव पद पर अजहर सैफी उनके प्रत्याशी होंगे। इस मौके पर प्रदेश सचिव आयुष गुप्ता, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू कुमार, योगेंद्र भट्ट, विपिन बल्लभ भट्ट, आशीष पंवार, शुभम रावत, दमनजीत सिंह, आसिफ, शिवानी, बिलाल चौधरी आदि मौजूद रहे।