गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे शादाब को पुलिस ने तेलीवाला गांव से गिरफ्तार कर लिया। शादाब गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर गांव का निवासी है और पशु कटान के कई मामले दर्ज हैं।
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने इसी साल जनवरी में शादाब पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना कलियर थाना प्रभारी के पास थी। पुलिस टीम कई बार गांव में दबिश देती रही लेकिन शादाब हर बार फरार हो जाता और ठिकाना बदल लेता। इसी बीच कलियर थाना पुलिस को सूचना मिली कि शादाब तेलीवाला स्थित एक मकान में पहचान छिपाकर रह रहा है।
जानकारी गंगनहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय शाह को दी गई। उन्होंने टीम के साथ छापा मारकर शादाब को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद शादाब को गंगनहर कोतवाली ले जाया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जानकारी कलियर थाना पुलिस को भी दी गई है।