पिछले दो साल से रिक्त चल रहे उत्तराखंड के लोकायुक्त के पद के विरोध में आम आदमी पार्टी ने लोकायुक्त कार्यालय के गेट के पास पत्रकार वार्ता की। साथ ही लंबे समय से खाली चल रहे मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर भी उत्तराखंड सरकार को घेरा।
कहा कि अब अनूठे तरह के कार्यक्रम कर सरकार को बेनकाब किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनूप नौटियाल ने कहा कि पिछले सवा दो साल से लोकायुक्त का पद रिक्त है। लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है।
सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई सूचना में यह बात सामने आई कि लोकायुक्त कार्यालय में छह सौ से अधिक शिकायतें लंबित हैं। राज्यपाल लगातार लोकायुक्त की नियुक्ति के बाबत सरकार को चेताते रहे हैं। लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा उत्तरप्रदेश सरकार की खिंचाई से घबराकर सरकार दिखावे के लिए सक्रिय हुई है।