प्रदेशभर में 300 यूनिट बिजली फ्री करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हाथीबड़कला पुलिस चौकी के समीप पुलिस फोर्स ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इससे आक्रोशित कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। बाद में आप कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर ही धरने पर बैठ गए। काफी मशक्क्त के बाद भी जब कार्यकर्ता नहीं उठे तो पुलिस ने पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया। जहां देर शाम उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ट नेता रविंद्र जुगरान और प्रदेश प्रवक्ता नवीन पीरशाली, कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में प्रदेश भर के हजारों कार्यकर्ता दिलाराम चौक पर एकत्रित हुए। जहां से उन्होंने रैली की शक्ल में मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास पहले से मौजूद पुलिस फोर्स ने उन्हें रोक लिया। जहां कार्यकर्ताओं और पुलिस फोर्स के बीच जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने वहीं धरने पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रविंद्र जुगरान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने पिछले साढ़े चार साल में केवल लूट और भ्रष्टाचार किया है। अब मुफ्त बिजली के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद साफ हो गया है कि सरकार प्रदेश की जनता के साथ छल कर रही है। उन्होंने कहा कि फ्री बिजली देने की बात करने वाली भाजपा का यह सिर्फ चुनावी जुमला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में फ्री बिजली नहीं देना चाहती है। कहा कि ऊर्जा मंत्री घोषणा करते हैं कि 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे, लेकिन 24 घंटे के अंदर सीएम कहते हैं कि अभी कोई प्रस्ताव नहीं आया, कोई प्लान नहीं है। आप के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड में भी बिजली फ्री होनी चाहिए। यहां 300 यूनिट तक बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त मिलनी चाहिए। कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो आप कार्यकर्ता प्रदर्शन को मजबूर होंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने भी विचार रखे।
पुलिस को चकमा देकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे दो कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान उस समय पुलिस में हड़कंप मच गया जब पार्टी के दो कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गए। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस बल मुख्यमंत्री आवास पहुंचा और दोनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।